नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश की सबसे दिलचस्प लोकसभा सीट वाराणसी से प्रियंका गांधी के लड़ने की खबरों पर पूर्ण विराम लगने के बाद एक बार फिर इस सीट पर घमासान होने के आसार हैं. कांग्रेस के पांव खींचने के बाद समाजवादी पार्टी अपना उम्मीदवार बदलने के मूड में हैं. सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी वाराणसी लोकसभा सीट से बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर यादव को प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ उतारने पर विचार कर रही है.

वर्तमान में निर्दलीय उम्मीदवार हैं तेज बहादुर
बता दें कि तेज बहादुर यादव इस सीट पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर खड़े हैं. समाजवादी पार्टी ने वाराणसी से शालिनी यादव को उम्मीदवार बनाया है. शालिनी कांग्रेस के पूर्व सांसद एवं राज्यसभा के पूर्व उपसभापति श्यामलाल यादव की पुत्रवधु हैं. वह वाराणसी से मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं.
बता दें कि खराब खाने की सोशल मीडिया पर शिकायत को लेकर तेज बहादुर यादव को बीएसएफ से सस्पेंड कर दिया गया था. वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ लड़ रहे तेजबहादुर को कई पार्टियों का समर्थन मिल रहा है.
एक क्लिक और खबरें खुद चलकर आएंगी आपके पास, सब्सक्राइब करें अपना उत्तर प्रदेश WhatsApp अपडेट्स
