श्रावस्ती : जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, अपने अजब-गजब शादी से रिश्तों में उलटफेर होना अभी तक कहानियों या चुटकुलों में सुना होगा लेकिन जिले में घटी ऐसी ही एक घटना ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. भिनगा कोतवाली स्थित वीरपुर गांव में एक युवक अपने बड़े भाई की सास को भगाकर घर ले आया.
परिवार में मचा भूचाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय कुमार पुत्र ननकू बाबा मलखनवा गांव से अपने बड़े भाई की सास को सहमति से भगाकर घर ले आया. दोनों परिवारों को घटना का पता चला तो भूचाल आ गया. सास को अपने घर में रखने को लेकर झगड़ा शुरू हो गया. विवाद बढ़ता देख विजय डर गया और फोन करके पुलिस बुला ली.
परिवार वाले नहीं हो रहे तैयार
पुलिस ने मौके पर जाकर मामला सुना तो हैरान रह गई. समझा बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया और मारपीट न करने की हिदायत देकर लौट गई. इधर घर वाले रिश्ते को लेकर तैयार नहीं हैं. मां अपनी ही बेटी की देवरानी बन चुकी है. पुलिस से विजय और उसकी सास ने कहा है कि दोनों बालिग हैं और उन्हें साथ रहने का अधिकार कानून देता है. थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है.
