बिजनौर: सीजेएम अदालत में पेशी पर आए हत्या के आरोपी दो बदमाशों पर कोर्ट में कुछ लोगों ने हमला कर दिया. इसमें मुख्य आरोपी शाहनवाज की मौत हो गई, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया है. पुलिस ने फायरिंग करने वाले तीनों आरोपियों को कोर्ट में ही बंद कर दिया और बाहर भारी पुलिसबल तैनात कर दिया. गोली लगने से हेड मोहर्रिर व दिल्ली पुलिस का एक सिपाही भी घायल हो गया.
पिता की हत्या का लिया बदला
गोलीकांड ने सबको हैरान कर दिया है. पिता की हत्या का बदला लेने के लिए न्याय के मंदिर में ही कानून की धज्जियां उड़ा दी गईं. चंद मिनटों में कोर्ट रूम का माहौल ऐसा हो गया मानों कोई खून का प्यासा शख्स आंखों पर पट्टियां बांध अंधाधुंध गोलियां चला रहा हो. देखते ही देखते कोर्ट परिसर में खून ही खून हो गया. बताया जा रहा है कि कोर्ट के अंदर तकरीबन 25 राउंड गोलियां चलीं.
28 मई को हुई थी हत्या
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के नेता हाजी अहसान और उनके भांजे शादाब की 28 मई 2019 को उन्हीं के दफ्तर में हत्या कर दी गई थी. वारदात को अंजाम देने वाले हत्या के आरोपियों शाहनवाज और जब्बार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से बिजनौर की सीजेएम कोर्ट लाया गया था. इस दौरान ऐसे हालात बने कि जज को भी भागकर जान बचानी पड़ी. वहीं, कोर्ट परिसर को पूरी तरह सील किया गया है.
गोली चलाने वालों को पुलिस ने पकड़ा
इसी दौरान वारदान को अंजाम देने वाले अपराधियों को वहीं घेर लिया गया और बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि हाजी अहसान के बेटे साहिल व उसके दो साथियों ने इस सनसनीखेज हमले को अंजाम दिया है. हमले में शाहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जब्बार चकमा देकर फरार हो गया.
