इटावा: सैफई परिवार में रह-रहकर उठती रार-तकरार के बीच अब चाचा-भतीजे की जुबानी जंग अब खुलकर सामने आने लगी है. प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह ने एक बार फिर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साथा है ।
सैफई की बर्बादी के जिम्मेदार
सैफई मेडिकल यूनिवसिर्टी में धरना दे रहे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने बगैर नाम लिए अखिलेश यादव को सैफई की दुर्दशा का जिम्मेदार बताया. बगैर नाम लिए कहा कि आखिर सैफई की बर्बादी का जिम्मेदार कौन है, ये बात हर कोई जानता है. दरअसल, इटावा में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के 600 संविदा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है. अपनी बहाली और वेतन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे थे. इन्ही कर्मचारियों से मिलने शिवपाल यादव अपने बेटे आदित्य के साथ पहुंचे थे।
हमारी बात नहीं मानी, सरकार नहीं बनी
शिवपाल सिंह यादव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि. बताओ अगर अपनी सरकार होती तो हम लोगों को यह दिन न देखना पड़ता. आप सबको यह बात भलीभांति पता है कि किसकी वजह से सरकार नहीं बनी. हमने तो एक ही सीट पर तसल्ली कर ली थी, फिर भी वो सरकार न बना पाए तो मैं क्या करूं. अगर हमें ही जिम्मेदारी दे देते तो हर मंडल में एक-एक सीट दे देते और एक हेलिकॉप्टर दे देते तो हर विधानसभा में 20 हजार वोट बढ़ जाते ।
अब CM योगी से मिलेंगे शिवपाल
सैफई मेडिकल यूनिवसिर्टी में कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन के मसले पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि, वे जल्द ही इस मामले को लेकर सीएम योगी से मुलाकात करेंगे. यह यूनिवर्सिटी मुलायम सिंह यादव का सपना था और वे इस बर्बाद होते नहीं देख सकते ।
