लखनऊ/ हरदोई : भारतीय सुहेलदेव समाजपार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी की यूपी सरकार में सहयोगी एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के तीखे तीर अभी भी भाजपा को छलनी किए हुए हैं. मुखर होकर अपनी बात कहने के लिए पहचाने जाने वाले राजभर ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है. ऐसे समय में जब पीएम समेत पूरी बीजेपी राज्यों के चुनाव से लेकर हर मंच पर कांग्रेस को घेर रही है. तब केंद्र सरकार पर करारा वार करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि, करीब-करीब पूरे देश में बीजेपी की सरकर है, लेकिन हर मामले में दोष कांग्रेस को क्यो दिया जा रहा है.
सारी पॉवर लेकर भी असहाय
राजभर ने कहा कि, जजों को राष्ट्रपति नियुक्त करते हैं लेकिन राष्ट्रपति से लेकर सांसद विधायक तक आज की तारीख में सारी पॉवर बीजेपी के पास है. देश के हर विभाग में इस समय तो बीजेपी काबिज है. सत्ता में रहकर विपक्ष को दोष देना ठीक नहीं.
सीएम ने की पीएम की तारीफ, राजभर ने कसा तंज
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, ’56 इंच के सीने से आतंकवादी घबरा गए हैं’. वहीं इस पर तंज कसते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि, हर रोज सिहापी मारे जा रहे हैं, हर रोज आतंकी हमले हो रहे हैं. हम तो मुख्यमंत्री जी से कहेंगे कि, पिछड़ी जातियों के बंटवारे के लिए अतिपिछड़ा सामाजिक न्याय समिति ने जो रिपोर्ट दी है वो उसको लागू करने पर चिंतन-मंथन करें.
बीजेपी अध्यक्ष को भी नहीं बख्शा
बीते दिनों से बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और ओमप्रकाश राजभर में चल रही जंग किसी से छिपी नहीं है. बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने पिछले दिनों बयान देते हुए कहा था कि, ‘ओमप्रकाश राजभर एक अनिवार्य बुराई हैं’ इस पर राजभर ने पलटवार करते हुए कहा है कि, हो सकता है महेंद्रनाथ पांडेय को हटाने की तैयारी हो.
दलित अल्पसंख्यकों की लड़ाई लड़ रहा हूं
ओमप्रकाश राजभर के तेवरों से पता चलता है कि, वो किसी के दवाब में झुकने वाले नहीं हैं. अपनी मुखरता के सवाल पर राजभर कहते है कि, मैं तो दलित,पिछड़े और अल्पसंख्यकों की लड़ाई लड़ रहा हूं. उनके हक की लड़ाई लड़ रहा हूं. बीजेपी में हिम्म्त है तो जो रिपोर्ट आई हैं उसे लागू करे.
