प्रयागराज/लखनऊ: अगर आप उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानि यूपी टीईटी (UP TET) के अभ्यर्थी हैं और आपको परीक्षा के किसी सवाल पर कोई आपत्ति है. तो उस पर आपत्ति करने से पहले थोड़ा सोच लीजिए. उस सवाल पर ‘सवाल’ करने से पहले और अच्छे से सोच लीजिए. इतनी ही नहीं अपनी जेब भी सही से टोटल लीजिए. क्योंकि, उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के सवाल पर आपत्ति करने पर अब शुल्क लगेगा.
एक सवाल पर आपत्ति के देने होंगे 500 रुपए
अगर आपको किसी एक सवाल पर आपत्ति है तो हर सवाल के हिसाब से आपको 500 रुपए का शुल्क देना होगा. हालांकि, अगर आपकी आपत्ति सही निकलती है तो आपके रुपए वापस कर दिए जाएंगे लेकिन अगर आपत्ति गलत पाई गई तो शुल्क वापस नहीं मिलेगा.
इसलिए लगाया सवाल पर शुल्क
दरअसल, प्राथमिक स्कूल (Primary School) की 69000 सहायक अध्यापक भर्ती (69000 Assistant Teacher) की लिखित परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे. अभ्यर्थियों ने सभी के सभी यानि 150 सवालों पर ही आपत्ति उठा दी थी. ऐसे में इन आपत्तियों की संख्या 35 हजार से ज्यादा थी. 54 ऐसे सावलों पर भी आपत्ति थी जिनके जवाब से खुद अभ्यर्थी सहमत थे लेकिन फिर भी आपत्ति दर्ज कराई गई थी. हालात ये बने है कि, उस भर्ती परीक्षा का परिणाम अभी तक जारी नहीं हो पाया है. इसलिए इस सबसे सबक लेकर संस्था ने इस बार ऐसा कदम उठाया है कि, अनावश्यक आपत्तियों से बचा जा सकेगा.
दिव्यांगों को भी देना होगा परीक्षा शुल्क
परीक्षा नियामक प्राधिकरण कार्यालय ने इस बार दो बदलाव किए हैं. इतना ही नहीं अब दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी परीक्षा शुल्क देना होगा. दिव्यांग अभ्यर्थियों को अब पंजीकरण के साथ ही परीक्षा का शुल्क अदा करना होगा. दिव्यागों से शुल्क पर संस्था की दलील है कि, शुल्क ना होने की वजह से वो कई-कई जिलों से पंजीकरण करा कर आवेदन करते थे और जिस जिले में ज्यादा सहूलियत देखते थे वहां पहुंच जाते थे. इसलिए इसे रोकने के लिए पहल बार दिव्यांगो के लिए 100 रुपए का शुल्क तय किया गया है.
